7 अगस्त कर्क राशि में शुक्र का राशि परिवर्तन

शुक्रः- कुण्डली मे शुक्र को सुख-सुविधाओं अर्थात ऐशोआराम का कारक माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र में सभी ग्रहों मे सबसे अच्छा ग्रह शुक्र को ही माना गया है शुक्र की स्थिति कुण्डली मे अच्छी हो तो जातक का जीवन राजा के समान व्यतीत होता है। जातक बड़े भू-भाग का स्वामी होता है। वर्ष 2023 मे शुक्र का राशि परिवर्तन 7 अगस्त दिन सोमवार को हो रहा है। इस दिन शुक्र कर्क राशि मे गोचर करेगा। जिसका कुछ न कुछ प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा। कुछ राशियों के लिए यह परिवर्तन वरदान साबित होगा तो कुछ राशियों के लिए अभिशाप परन्तु इससे आपको परेशान होने की आवश्यकता नही है। इन परिस्थितियों से निकलने के लिए दिल्ली के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य के. एम. सिन्हा द्वारा बताए गए उपायों को अपना कर राहत पा सकते है।

मेष लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन सुख भाव में हो रहा है तथा आपकी कुण्डली में शुक्र धनेश एवं सप्तमेश होता है। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा परिवार में भी खुशियों का माहौल बना रहेगा परन्तु माता से कुछ विवाद हो सकता है। जीवनसाथी से वाद-विवाद की स्थिति बन सकती है। आमदनी के अच्छे स्त्रोत प्राप्त होंगे। आपके खर्चों मे बढ़ोत्तरी होगी एवं लम्बी दूरी की यात्रा के योग भी बन रहे है। विद्यार्थी वर्ग अपने शिक्षा के प्रति एकाग्र रहेंगे। छोटे भाई-बहनों का सहयोग प्राप्त होगा। स्वास्थ्य को लेकर उदर सम्बन्धित कुछ परेशानी तथा रोग से पीड़ित हो सकते है।
उपायः- अपने खाने में मूंग दाल का प्रयोग करें, स्वास्थ्य अच्छा होगा।

वृष लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन पराक्रम भाव में हो रहा है तथा शुक्र यहाँ लग्नेश एवं रोगेश है। शारीरिक रुप से आप स्वस्थ्य महसूस करेंगे परन्तु मानसिक रुप से थोड़ी बहुत परेशानी हो सकती है। अपने पराक्रम द्वारा भाग्य की उन्नति करने में सक्षम होंगे। समाज में मान, पद, प्रतिष्ठा बढ़ेगा तथा कार्य-व्यवसाय के क्षेत्र में आपको सफलता प्राप्त होगी। अपने शत्रुओं का सामना करने मे आप सक्षम होंगे। दूर-संचार माध्यमों से लाभ प्राप्ति के योग बन रहें है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी परन्तु छोटे भाई-बहनों से कुछ मनमुटाव हो सकता है। भौतिक सुख-सुविधाओं मे आपको थोड़े विलम्ब से लाभ मिलेगा।
उपायः- शुक्र के बीज मंत्र ओम शुं शुक्राय नमः का जाप करें।

मिथुन लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन धनभाव में हो रहा है। स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें गले से सम्बन्धित कुछ विकार उत्पन्न हो सकता है साथ ही छोटे भाई-बहनों को भी कुछ कष्ट मिल सकता है। धार्मिक क्षेत्र में आपका रुझान अधिक बढ़ेगा तथा कार्य-व्यवसाय में भी आपको सफलता मिलेगी। इस परिवर्तन के समय गर्भवती महिलाओं को अपना विशेष ध्यान रखना होगा क्योंकि गर्भ हानि के योग बन रहें। अपने वाणी पर संयम बनाए रखें नही तो परिवार में कलह की स्थिति बन सकती है। विद्यार्थियों को अपने शिक्षा में एकाग्रता बनाए रखने की आवश्यकता है।
उपायः- पाँच प्रकार के अनाजों को मिलाकर अमावस्या के दिन दान करें, जिससे गर्भ हानि की समस्या दूर होगी।

कर्क लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन आपके लग्न भाव में हो रहा है। आप ऊर्जावान अनुभव करेंगे परन्तु माता को लेकर कुछ चिंता बन सकती है। कार्य-व्यवसाय के क्षेत्र में आपको कुछ रुकावटों के बाद लाभ प्राप्त होगा। पुरातत्व सम्बन्धित कार्यों मे भी आपको लाभ मिलेगा एवं आपके आयु में वृद्धि होगी। आपके खर्चों में बढ़ोत्तरी होगी जिसके कारण धन अर्जन करने के क्षेत्र में कुछ परेशानी बन सकती है। परिवार का सुख प्राप्त होगा आपके वाणी में उग्रता आ सकती है एवं संतान का सहयोग मिलेगा। वैवाहिक जीवन को लेकर कुछ समस्या उत्पन्न हो सकती है तथा दैनिक रोजगार के क्षेत्र में भी कठिनाईयों का सामना कर सकते है।
उपायः- शनि देव को तिल अर्पित करें, वैवाहिक समस्याएं दूर होंगी।

सिंह लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन द्वादश भाव में हो रहा है। यह राशि परिवर्तन आपको सामान्य परिणाम देगा। शारीरिक रुप से आप स्वस्थ्य महसूस करेंगे परन्तु जीवनसाथी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बन सकती है जिसके कारण वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है। इस समय आप लम्बी दूरी की यात्राएं अधिक कर सकते है तथा आपके खर्चों मे भी बढ़ोत्तरी होगा। बाहरी स्त्रोंतो से आमदनी के अवसर प्राप्त होंगे। महिला मित्रों से दूरी बनाकर रखें अन्यथा मान, पद, प्रतिष्ठा में कमी आ सकती है। धर्मिक क्षेत्र में भी आप भ्रमित हो सकते है। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी।
उपायः- पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं, वैवाहिक जीवन मजबूत होगा।

कन्या लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन एकादश भाव में हो रहा है। जिसके फलस्वरुप आमदनी के क्षेत्र में कुछ रुकावटों के बाद अच्छी सफलता मिलेगी। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा परन्तु उदर सम्बन्धित थोड़ी बहुत परेशानी हो सकती है तथा संतान को भी कष्ट मिल सकता है। विद्यार्थी अपने शिक्षा मे अत्यधिक परिश्रमी रहेंगे। भौतिक सुख-सुविधाओं मे आपको काफी संघर्ष करना पड़ सकता है साथ ही हानि की भी संभावना बनती है। आर्थिक क्षेत्र में कुछ रुकावटों के बाद लाभ प्राप्ति के योग बन रहे है। दैनिक रोजगार के क्षेत्र में आपके अत्यधिक परेशानी बन सकती है। परिवार के लिए यह समय अच्छा नही रहेगा।
उपायः- पाँच प्रकार के अनाजों को मिलाकर अमावस्या के दिन दान करें, विद्यार्थियों की शिक्षा में अच्छा परिणाम मिलेगा।

तुला लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन दशम भाव में कर्क राशि में हो रहा है जो कि शुक्र की शत्रु राशि है आपकी कुण्डली में शुक्र लग्नेश एवं अष्टमेश है। यह राशि परिवर्तन आपको मिश्रित परिणाम देगा। कार्य-व्यवसाय के क्षेत्र में आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे समाज में मान-सम्मान प्राप्त होगा परन्तु साझेदारी के कार्यों मे कुछ रुकावटें आ सकती है। साथ ही वैवाहिक जीवन में भी कुछ समस्या बन सकती है। कई कार्यों को लेकर भ्रमित भी हो सकते है। विद्यार्थियों को शिक्षा में अच्छे अवसर प्राप्त होंगे तथा आमदनी के क्षेत्र में भी बेहतर परिणाम मिलेंगे परिवार में भी सुख-शांति बनी रहेगी।                                                                                                                                     उपायः- भगवान विष्णु को पुष्प अर्पित करें, वैवाहिक जीवन की समस्याएं दूर होंगी।

वृश्चिक लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन नवम भाव में हो रहा है यह राशि परिवर्तन आपको अच्छा परिणाम देगा आपका पराक्रम बढ़ा-चढ़ा रहेगा परन्तु स्वास्थ्य के प्रति बेहद सावधान रहें। कार्य-व्यवसाय के क्षेत्र में आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। प्रशासनिक कार्यों मे आपको सफलता मिलेगी। आमदनी के अच्छे स्त्रोंत प्राप्त होंगे। भूमि, वाहन का सुख आपको विलम्ब से प्राप्त होगा। परिवार के लिए यह समय अच्छा नही रहेगा तथा आर्थिक संग्रह मे भी कुछ परेशानी बन सकती है। संतान पक्ष से अशुभ समाचार मिल सकते है।
उपायः- अपने बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करें, आपका स्वास्थ्य सम्बन्धित परेशानियां दूर होंगी।

धनु लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन अष्टम भाव में हो रहा है यह राशि परिवर्तन आपको अच्छे परिणाम देगा। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहेगी। गर्भवती महिलाएं अपना विशेष ध्यान रखें साथ ही पिता को भी कुछ परेशानी बन सकती है। दैनिक रोजगार के क्षेत्र में आपको विशेष लाभ प्राप्त होगा। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा परिवार में भी सुख-शांति का माहौल बना रहेगा। संतान पक्ष की तरफ आपका आकर्षण बढ़ेगा कार्य-व्यवसाय के क्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी समाज में मान, पद, प्रतिष्ठा बढ़ेगी। सभी सुख सुविधाओं की प्राप्ति होगी।
उपायः- माता लक्ष्मी की आराधना करें, आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

मकर लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन सप्तम भाव में हो रहा है यह राशि परिवर्तन आपको सामान्य परिणाम देगा। आर्थिक क्षेत्र में अचानक धन लाभ प्राप्ति के योग बन रहे है। वैवाहिक  जीवन में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। भौतिक सुख-सुविधाओं में कुछ परेशानी बन सकती है साथ ही भूमि, वाहन से भी आपको कुछ कष्ट मिल सकता है तथा पिता को लेकर भी चिंतित हो सकते है। कार्य-व्यवसाय के क्षेत्र में कुछ रुकावटों के बाद लाभ प्राप्त होगा। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी संतान का सहयोग मिलेगा। भाग्य का सहयोग नही प्राप्त होगा इसलिए शेयर, सट्टे से दूर रहें।
उपायः- गाय को हरी घास खिलाएं, आपको बेहतर परिणाम मिलेंगे।

कुंभ लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन छठे भाव में हो रहा है। यह राशि परिवर्तन आपको मिश्रित परिणाम देगा। शारीरिक रुप से आप मजबूत होंगे। महिला मित्रों से कुछ वैचारिक मतभेद हो सकता है तथा वैवाहिक जीवन में भी परिस्थितियां आपके प्रतिकूल हो सकती है। पुरातत्व सम्बन्धित कार्यों में विशेष लाभ प्राप्त कर सकते है। धार्मिक क्षेत्र के कार्यों को लेकर आप भ्रमित हो सकते है। आपके पराक्रम में थोड़ी कमी आ सकती है साथ ही छोटे भाई-बहनों से कुछ परेशानी बन सकती है।
उपायः- लक्ष्मी नारायण मन्दिर जाकर खीर का भोग लगाएं।

मीन लग्नः- आपकी कुण्डली में शुक्र का राशि परिवर्तन पंचम भाव में हो रहा है यह परिवर्तन आपको अच्छा परिणाम देगा। शारीरिक रुप से मजबूत होंगे परन्तु उदर एवं त्वचा रोग से पीड़ित हो सकते है। परिवार के प्रति आपका आकर्षण अधिक रहेगा परन्तु वैवाहिक जीवन में परिस्थितियां प्रतिकूल हो सकती है। लम्बी दूरी की यात्राओं का योग बन रहा है तथा आपके खर्चों में भी बढ़ोत्तरी होगी। परिवार को लेकर कई बार आप विपरीत परिस्थितियों का सामना कर सकते है साथ ही आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। दूर संचार के माध्यमों से आपको लाभ मिलेगा।
उपायः- गरीबों में हरे रंग के फल वितरित करें, आपका स्वास्थ्य मजबूत होगा।